कोरोना देश में :- 70 हजार 766 केस: आरोग्य सेतु से देशभर में 697 संभावित हॉट स्पॉट का पता चला, 1.4 लाख यूजर्स को संक्रमण के खतरे का अलर्ट दिया
BY MANOJ KUMAR
नई दिल्ली : देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 70 हजार 766 हो गई है। महामारी से लड़ाई में आरोग्य सेतु ऐप काफी फायदेमंद साबित हो रहा है। इससे देशभर में 697 संभावित हॉट स्पॉट के बारे में जानकारी मिली है। अब तक 9.8 करोड़ लोगों ने यह ऐप डाउनलोड किया है। ब्लूटूथ कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के जरिए 1.4 लाख यूजर्स को संक्रमण के खतरे को लेकर अलर्ट किया गया। इनके संक्रमित लोगों के संपर्क में आने की आशंका है। सरकार इस ऐप को लॉकडाउन के बाद भी हवाई यात्रियों के लिए अनिवार्य रखने पर फैसला ले सकती है।
सोमवार को महाराष्ट्र में 1230, तमिलनाडु में 798, गुजरात में 347, दिल्ली में 310, मध्यप्रदेश में 171, राजस्थान में 174, उत्तरप्रदेश में 107, बिहार 39 समेत 3589 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इससे पहले रविवार को देश में एक दिन में सबसे ज्यादा 4296 नए मरीज सामने आए। सबसे ज्यादा 1668 लोग ठीक भी हुए। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 67 हजार 152 संक्रमित हैं। 44 हजार 29 का इलाज चल रहा है। 20 हजार 916 ठीक हो चुके हैं, जबकि 2206 मरीजों की मौत हुई है।
आईसीएमआर चुनिंदा जिलों में सर्वे कराएगा
काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) संक्रमण फैलने की जानकारी जुटाने के लिए देश के चुनिंदा जिलों में जनसंख्या आधारित सर्वे कराएगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इस दौरान आरटी-पीसीआर टेस्ट के लिए स्बाव के सैंपल लिए जाएंगे। इसके अलावा एलिसा किट से खून में एंटीबॉडी का पता लगाने के लिए टेस्ट भी किया जाएगा।
दिल्ली से पैदल रवाना हुए मजदूर
बाहरी राज्यों में फंसे मजदूरों के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही हैं, फिर भी कई मजदूर सड़क के रास्ते साइकिल या पैदल ही अपने घर जा रहे हैं। दरअसल, वे कागजी कार्रवाई और क्वारैंटाइन से बचना चाहते हैं। दिल्ली में लॉकडाउन के बीच करीब डेढ़ महीने से फंसे कुछ मजदूरों का कहना है कि उनके पास अब खाने-पीने का सामान खत्म हो चुका है। ऐसे में घर जाने के सिवाय उनके पास कोई विकल्प नहीं है।
अपडेट्स
पिछले 24 घंटे में बीएसएफ के 24 जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 4 जवान कोलकाता के हैं, जबकि एक-एक जवान दिल्ली और त्रिपुरा के हैं।
प. बंगाल की निजी कंपनी जीसीसी बायोटेक इंडिया ने कोरोना जांच की रियल टाइम टेस्ट किट बनाने का दावा किया है। कंपनी के एमडी राजा मजूमदार का कहना है कि एक करोड़ टेस्ट किट तैयार कर ली गई हैं। हर दिन 3 लाख टेस्ट किट बनाकर दे सकते हैं। एक किट की लागत सिर्फ 500 रुपए है। इससे 90 मिनट में रिजल्ट आ जाता है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना के बहुत हल्के लक्षण या प्री-सिम्प्टोमैटिक मरीजों के लिए होम आइसोलेशन की गाइडलाइन बदली है। ऐसे मरीज शुरुआती लक्षण दिखने के 17 दिन बाद आइसोलेशन खत्म कर सकेंगे। बशर्ते उन्हें 10 दिन से बुखार नहीं आया हो। इन मरीजों को तीन लेयर वाला मास्क पहनना होगा और उसे हर 8 घंटे पर बदलना होगा।
दिल्ली में ऊर्जा मंत्रालय के एक अफसर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद श्रम शक्ति भवन की छठवीं मंजिल को सील कर दिया गया है। इसी मंजिल पर ऊर्जा मंत्रालय का दफ्तर है। मंत्रालय ने कहा है कि ऑफिस में मंगलवार से कामकाज शुरू हो जाएगा।